भारतीय जैन मिलन ने बच्चों को खिलौने और ग्रामीणों को कपड़े किये वितरित


संविधान का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य – शिरोमणि सिंह


तालबेहट(ललितपुर ) । उत्तर प्रदेश के ललितपुर में।ग्रामीण अंचलों में 77 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। आदर्श ग्राम पवा के कन्या प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने सुबह प्रभातफेरी निकाली एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शोभना सिंह ने ध्वजारोहण किया। शिरोमणि सिंह बुंदेला ने कहा संविधान का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।बुंदेलखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सह प्रवक्ता विशाल जैन पवा ने स्वतंत्रता के अमर शहीदों को नमन करते हुए देश की आजादी में उनके योगदान, संविधान निर्माण एवं लोकतंत्रात्मक राज्य की स्थापना एवं गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।


बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। देशभक्ति गीत पर सुन्दर नृत्यमय प्रस्तुति के लिए अहिंसा सेवा संगठन ने बच्चों को पुरस्कृत किया। अन्य वक्ताओं में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बैजनाथ महेंद्र यादव, अंचल राजा, रश्मि बुंदेला, साहिया एवं कामिनी विश्वकर्मा ने बच्चों एवं ग्रामीणों को देशभक्ति, राष्ट्र सेवा और संविधान के सम्मान और उसकी सुरक्षा का संदेश दिया एवं महापुरुषों के आदर्श जीवन चरित्र को प्रासंगिक बताया। इस मौके पर भारी संख्या में सभ्रान्त ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सभी को मिष्ठान्न वितरित किया गया।

वहीं गणतंत्र दिवस के महापर्व पर भारतीय जैन मिलन बहु मण्डल एवं वासुपूज्य जिनालय शाखा के संयुक्त तत्वावधान में निर्धन एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को कपड़े एवं बच्चों को खिलौने वितरित किये। वितरण कार्यक्रम में विद्यालय स्टॉफ ने सहयोग किया। इस मौके पर जैन मिलन के अध्यक्ष विशाल जैन पवा ने कहा परोपकार की भावना से सुख की अनुभूति होती है, सभी को अपने जीवन में जरूरतमंद की सेवा अवश्य करना चाहिए। संचालन रश्मि बुंदेला एवं आभार व्यक्त शोभना सिंह ने किया।













