सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश में ललितपुर को प्रथम स्थान मिलने पर प्रभारी मंत्री ने प्रसंन्न्ता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की सराहना की
बकायदारी के नाम पर किसानों व उपभोक्ताओं का न हो शोषण, भ्रष्ट लाइनमैनों पर करें कार्यवाही: प्रभारी मंत्री
एकीकृत बागवानी के द्वारा आधुनिक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर
निर्धारित समयसीमा में विकास कार्य पूर्ण कराने व जनप्रतिनिधियों से नये कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने के दिये निर्देश
प्रधानमंत्री श्रम सम्मान योजनान्तर्गत राज मिस्त्रियों को बांटी टूलकिट
ललितपुर। मा0 राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उ0प्र0/जनपद प्रभारी मंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी ने गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए जनपद के विकास कार्यों की हकीकत जानी और अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरुप कार्य करने के सख्त निर्देश दिये।
सीएम डैशबोर्ड पर प्रथम स्थान मिलने पर जिला प्रशासन की सराहना
बैठक में सर्वप्रथम मा प्रभारी मंत्री ने सीएम डैशबोर्ड की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद को प्रथम स्थान मिलने पर जिलाधिकारी ओर उनकी टीम को बधाई दी और इसी मनोवेग से आगे भी प्रथम स्थान बरकरार रखने के निर्देश दिये।
*किसान और बिजली उपभोक्ताओं का न हो शोषण*
प्रभारी मंत्री ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि बकाएदार किसानों का लाइनमैन और विजिलेंस के द्वारा उत्पीड़न न किया जाए, उन्हें सिंचाई के लिए सप्लाई दी जाए और विभागीय अधिकारी उनके प्रकरणों का निस्तारण कराने में किसानों का अपेक्षित सहयोग करें और भ्रष्ट लाइनमैन पर कार्यवाही करें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधिगणों से बिजली बिल राहत योजना का अपने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार करने की अपेक्षा की।
*एकीकृत बागवानी के द्वारा आधुनिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर*
प्रभारी मंत्री ने एकीकृत बागवानी (उद्यान) की समीक्षा करते हुए किसानों को आधुनिक खेती को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि संयंत्र उपलब्ध करा रही है और सब्सीडी भी दे रही है, जिनका लाभ लेकर किसान अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अगली बैठक में कम से कम 5 ऐसे किसानों को बुलाकर सम्मानित करवाने के निर्देश दिए, जिन्होंने परम्परागत खेती से हटकर आधुनिक खेती को अपनाया हो और उनके उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगवाएं।
*विभागीय समीक्षा में दिये निर्देश*
प्रभारी मंत्री ने विभागीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, ऐसे में सभी विभागीय लक्ष्य और विकास कार्य समय रहते पूर्ण करा लें, उन्होंने पर्यटन विकास के सभी कार्यों को वित्तीय वर्ष के भीतर पूर्ण कराने और अगले वित्तीय वर्ष में जनप्रतिनिधियों से नये कार्यों के सुझाव लेकर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना की जानकारी लेते हुए जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक लोगों को संयंत्र लगवाने के लिए प्रेरित करने की अपेक्षा की, कृषि विभाग की समीक्षा के अंतर्गत किसान सम्मान निधि बॉटम फाइव में होने पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि किसी भी दशा में किसानों का भुगतान और सब्सिडी नहीं रुकनी चाहिए। ग्राम्य विकास के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना में सर्वे का कार्य पूर्ण बताया गया, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज में बिजली और पानी का कनेक्शन जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि मेडिकल कॉलेज के आसपास विकास के दृष्टिगत पानी की टंकी बनाए जाने का सुझाव दिया, जिसे मिनिट्स में शामिल किया गया।
*प्रधानमंत्री श्रम सम्मान योजनान्तर्गत लाभार्थियों को बांटी टूलकिट*
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम सम्मान योजना के दो लाभार्थी राजमिस्त्रियों को टूलकिट वितरित की और उन्हें टूलकिट के माध्यम से स्वरोजगार करने को कहा।
*बैठक में यह जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित*
बैठक में राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग उ0प्र0 मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक श्री रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, जिलाध्यक्ष भा0ज0पा0 हरिश्चन्द्र रावत, एमएलसी प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी व अतुल निरंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनका जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक सहित अन्य अधिकारीगणों ने बुके देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज, पीडी डीआरडीए, डीडीओ, डीसी मनरेगा, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण एवं अन्य कार्यदायी विभागों के अधिशासी अभियंता, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।













