हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरी भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित होगा राखपंचमपुर मेला : डीएम

0
26

विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के साथ मार्गों की मरम्मत कराने के अधिकारियों को दिए निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम के साथ तैनात रहेंगे फोटो पहचान युक्त वॉलेंटियर्स

ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने रंग पंचमी के अवसर पर सिद्ध क्षेत्र राखपंचमपुर धाम पर लगने वाले वार्षिक मेले के आयोजन की व्यवस्थाओं एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा हेतु अधिकारियों व मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिवर्ष जिस भव्यता के साथ मेला आयोजित होता रहा है, इस बार भी परंपरागत तरीके से उसी भव्यता व गरिमा के साथ आयोजित होगा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुलभता के लिए सभी अधिकारी अपनी अपनी व्यवस्थाओं को पूर्ण कर लें, इसके लिए मेला अवधि के पूर्व संबंधित विभागों के अधिकारी संयुक्त रूप से मेले के पहुंच मार्ग व मेला आयोजन स्थल का गहनता के साथ निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को पूर्ण करा लें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला मार्ग में पढ़ने वाले बख्तर-गैंचवारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिट्टी डलवाकर रास्ते को सुगम करने के निर्देश दिए, साथ ही मेला स्थल पर पहुंचने वाले सभी रास्तों पर गड्ढों को मोरंग से भरवाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला अवधि के दौरान गर्मी पड़ने लगती है और आसपास के खेतों में फसल भी खड़ी रहती है, इसके दृष्टिगत आग की रोकथाम हेतु फायर सर्विस के वाहन पर्याप्त मात्रा में तैनात किये जायें और मेले में लगने वाली दुकानों पर भी अग्निशमन यंत्र रखवाए जाए।
मेला परिसर में साफ सफाई और अस्थाई पब्लिक टॉयलेट के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया तो वहीं निर्बाध पेयजल व विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत और जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए गए।
मेले में सुरक्षा की दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं मेला समिति की ओर से फोटो पहचान पत्र युक्त वॉलिंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेला परिसर में खोया पाया चौकी बनाने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान पैरामेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस तैनात रखें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकार अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम सदर मनीष कुमार, ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा, डीपीआरओ कुंवर सिंग यादव, सहित जल संस्थान, जल निगम, विद्युत, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, सूचना, यातायात आदि विभागों के अधिकारीगण व मेला समति के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here