गर्मी के दृष्टिगत पेयजल व विद्युत आपूर्ति पर जतायी चिंता, निर्माणाधीन परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कराने के दिए निर्देश
ग्रामीण स्वरोजगार की दृष्टि से दुग्ध उत्पादन के लिए ललितपुर को बताया सबसे अनुकूल
ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के लिए ग्रामीण सड़कों का तेजी से करायें निर्माण
दिव्यांगों और सहारिया समुदाय को मुख्यमंत्री आवास योजना में दें प्राथमिकता
गर्मी में लाइन लॉस और लो वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान कराने के दिए निर्देश
ललितपुर। मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा एवं मा0 जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। *बैठक में मा सांसद ने ग्रामीण स्वरोजगार, श्रमिक कल्याण, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, सड़क, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में कोई कसर न छोड़ें, इसमें कोई समस्या आती है तो जिलाधिकारी को अवगत कराकर योजना को आगे बढ़ाएं।
बैठक में मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग उप्र मनोहर लाल पंथ, मा0 सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, मा0 एमएलसी प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी एवं अतुल निरंजन, मा0 नगर पालिका अध्यक्षा सोनाली जैन, मा0 राज्यमंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों की गरिमामयी उपस्थिती रही। जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने उक्त जनप्रतिनिधियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।
वीबी जीरामजी योजना के प्रचार प्रसार व श्रमिक कल्याण पर जोर
मा0 सांसद ने विभागवार संचालित केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और जिले में प्रायोजित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए वीवी राम जी योजना का ग्रामीण स्तर तक ग्राम प्रधानों के माध्यम से योजना के बदलाव व लाभों के बारे में प्रचार प्रसार करवाने के निर्देश दिए, साथ ही दिए कि 100 दिन से अधिक काम पाने वालों की सूची उपलब्ध कराते हुए ग्राम स्तर पर कैंप लगाकर सभी श्रमिकों के ई श्रम कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी को न्यू वर्ष की शुरुआत के साथ इस योजना के तहत 16 सौ से अधिक चक मार्गों का काम शुरू किया गया है। जल्द ही द्वितीय चरण में न्याय चकमर्गों को प्रस्ताव में लिया जाएगा।
ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा
उन्हींने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार पर चर्चा करते हुए ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा की और निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर बनाई गई दुकानों को स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराई जाएं, उन्होंने ललितपुर को दुग्ध उत्पादन के लिए सबसे अनुकूल बताते हुए इसे प्रोत्साहित करने को कहा और अधिक से अधिक इकाइयां खुलवाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ग्रामों सड़क योजना को समीक्षा में निर्देश दिए गए कि ग्रामीण मार्गों के निर्माण में आ रही बाधाओं को संबंधित विभागों से समन्वय करके और जिलाधिकारी के माध्यम से पत्राचार करके आगे बढ़ाएं ताकि ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर तेजी से कार्य हो सके।
हरेक को पक्का घर
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में लक्ष्य के सापेक्ष ए आई तकनीक से सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है, इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि अब तक किए गए कार्यों की सूची प्रत्येक जनप्रतिनिधि को उपलब्ध कराएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और योजना पर तेजी से कार्य करें ताकि हरेक पात्र को पक्का आवास मिल सके।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में 32 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं जिनमें से 12 लाभार्थियों का डेटा शासन को भेजा न चुका है, शेष आवेदन जांच में हैं, निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों की सूची सभी चेयरमैन और पार्षदों को उपलब्ध कराएं और मुख्यमंत्री आवास योजना में दिव्यांगों व सहारिया समुदाय के लाभार्थियों को शत प्रतिशत लाभ दिलाएं।
ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रचार
उन्होंने यह भी निर्देश दिए ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर लाभार्थियों का सर्वे करा लें, जिसमें पूरी पारदर्शिता के साथ पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से कोई भी पत्र वंचित न रहे।
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि मार्च के अंत तक 3 सब स्टेशन बनाकर तैयार हो जाएंगे, जिनसे अगले वर्ष तक आपूर्ति चालू हो जाएगी, साथ ही मार्च के अंत तक लगभग 6 मेगावॉट तक क्षमता में वृद्धि की जा सकेगी। इस पर निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम में लाइन लॉस और लो वोल्टेज के निस्तारण के लिए ठोस रणनीति बनाएं। उन्होंने जनपद के ओडीओपी उत्पाद चंदेरी साड़ी के कारीगरों और बुनकरों के लिए संचालित सब्सिडी योजना का प्रचार प्रसार करने और अधिक से अधिक पंजीकरण कराकर पात्र बुनकरों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जलजीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि 335 गांवों में आपूर्ति चालू हो गई है, निर्देश दिए गए कि सभी ग्रामीण में खोदी गई सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर कराएं और जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि अपने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों से वार्ता कर उनके गांवों की सड़कों की स्थिति की लिस्ट बना लें।
शहरी पेयजल आपूर्ति के अंतर्गत एडीएम नमामि गंगे की निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन जलाशयों के निर्माण की समीक्षा करें और साप्ताहिक रूप से जिलाधिकारी को अवगत कराएं ताकि कार्य तेजी से हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ शेषनाथ चौहान, प्रिसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ मयंक शुक्ला सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, डीआईओएस ओपी सिंह, बीएसए रणवीर सिंह, अधि.अभि. जल निगम ग्रामीण अवनीश सिंह, अधि.अभि. जल संस्थान, अधीक्षक अभियंता विद्युत, ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक रंजीत कुमार, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल सहित विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।













