अभिषेक बुन्देला की रिपोर्ट

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने मड़ावरा कोतवाली में सौंपा ज्ञापन, झूठे आरोप लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग
ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र में पत्रकार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में आज ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले पत्रकार एकजुट नजर आए। सभी पत्रकार मड़ावरा कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक मड़ावरा को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को दबाने की कोशिश किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना था कि सच्चाई उजागर करने वाले पत्रकारों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। पत्रकारो आरोप लगाया कि हाल ही में क्षेत्र के कुछ मामलों का खुलासा करने के बाद एक पत्रकार को निशाना बनाया गया है। उसके खिलाफ सोशल मीडिया पर झूठे और विरोधाभासी आरोप फैलाए जा रहे हैं। कभी लाखों रुपये की मांग तो कभी जमीन के प्लॉट के नाम पर दुष्प्रचार कर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि झूठे आरोप लगाकर दुष्प्रचार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन में अध्यक्ष विजय सिंह सेंगर, संरक्षक शिवकुमार त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष प्रियंक सर्राफ, इमरान खान, उपाध्यक्ष प्रकाश राय, अजीज मुहम्मद, महामंत्री इन्द्रपाल सिंह, मु. जाकिर मंसूरी, अभय राजा, सोनू सोनी, रामकुमार, रामकुमार पटेल, राकेश वैद्य, रोहित सोनी, जयकिशन खटीक, संदीप मिश्रा, रानू जैन, सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।














