व्यापार बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को अपर जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना, सम्बंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशन में शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी श्री दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यापार मण्डलों के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता से सुना गया तथा सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए।
बैठक में व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने शहर में लंबे समय से बनी जाम एवं अत्यधिक भीड़ की समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा की गई पहल की सराहना की। व्यापारियों ने सब्जी मण्डी एवं आड़तियों की दुकानों को नवीन मण्डी समिति अमरपुर में स्थानान्तरित किये जाने पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस निर्णय से शहरवासियों एवं व्यापारियों को जाम और भीड़ की समस्या से काफी राहत मिली है। व्यापारियों ने कहा कि जिलाधिकारी ने अपनी प्रशासनिक इच्छा शक्ति एवं दृढ़ नेतत्व का परिचय देते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता से लिया है और अपनी पूरी प्रशासनिक टीम को प्रभावी ढंग से लगाया। लंबे समय से चली आ रही शहर की जाम एवं भीड़ की समस्या के समाधान की दिशा में यह कदम अत्यन्त महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
बैठक के दौरान जिला महामंत्री अनिज जैन बबड़ी ने अवगत कराया कि श्री शिखर चंद जैन के घर के सामने नाली में काफी पुराना एवं जर्जर विद्युत पोल लगा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी है। अपर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सम्बंधित अधिशासी अभियंता के साथ उप जिलाधिकारी को भी निर्देशित किया कि विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर जर्जर विद्युत पोल को बदलवाना सुनिश्चित करें।
जिला महामंत्री अजीत कुमार जैन अज्जू बाबा द्वारा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनोद कुमार शर्मा के सम्बंध में पूर्व में गई शिकायतों का मुद्दा उठाया गया, इस प्रकरण में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को जांच अधिकारी नामित किया गया था, किन्तु अभी तक जांच आख्या प्राप्त न होने के कारण कार्यवाही लंबित थी, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे से दूरभाष पर वार्ता की तथा एक सप्ताह में जांवच आख्या प्रस्तुुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने व्यापारियों को आस्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिला महामंत्री अनिल जैन द्वारा व्यापारियों को बैंकों के माध्यम से बेहतर सुविधाएं एवं योजनाओं का लाभ दिलाये जाने से सम्बंधित प्रस्ताव रखे, इस पर अपर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें बैंकिंग सेवाओं एवं शासन द्वारा संचालित वित्तीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उपलब्ध कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी व्यापारी बंधुओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सम्बंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उद्योग एवं व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने व्यापार एवं उद्योग बंधुओं से अपील की कि वे जनपद में ऐसे नये विचारों एवं व्यवसायिक गतिविधियों पर भी मंथन करें, जिनसे अधिक से अधिक स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के संगठनों के समन्वित प्रयासों से जनपद में व्यापार, उद्योग एवं रोजगार को नई गति दी जा सकती है।
*बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर हीरालाल जायसवाल द्वारा किया गया एवं आभार कमलेश सर्राफ के द्वारा व्यक्त किया गया। बैठक में सहायक आयुक्त अरविंद्र कुमार मिश्रा, कार्यालय से मनीष, व्यापारी सुरेश बढेरा, पत्रकार रविंद्र दिवाकर सहित बडी संख्या में व्यापारी नेता उपस्थित रहें।



