Wednesday, September 9, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशललितपुर में बांधो से हो रही जल निकासी की सतत निगरानी हेतु...

ललितपुर में बांधो से हो रही जल निकासी की सतत निगरानी हेतु जिलाधिकारी ने गोविंद सागर बांध का किया निरीक्षण

बांधों व जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता और आमजनों की सुरक्षा के लिए सिंचाई, राजस्व व पुलिस अधिकारियों की लगाई टीम

अत्यधिक वर्षा व बांधों से जल निकासी के दौरान बांधों व जलाशयों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने हेतु आमजनों से की अपील

ललितपुर। जनपद में विगत 2 सितंबर से हो रही निरंतर वर्षा के कारण जनपद के लगभग सभी बांधों का जलस्तर बढ़ गया है, जिस कारण बांधों से समुचित मात्रा में जल निकासी की जा रही है, इसी स्थिति में बांधों व जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता एवं आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों की टीम गठित की है। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत पड़ने वाले बांधों, जलाशयों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करेंगे और चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा हेतु समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी स्वयं भी बांधो से जल निकासी की सतत् निगरानी कर रहे हैं, उन्होंने आज गुरुवार को अधिशासी अभियान राजघाट निर्माण खंड शैलेश कुमार के साथ गोविंद सागर बांध का निरीक्षण किया और जल स्तर व जल निकासी की जानकारी लेकर सुरक्षात्मक दिशा निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि बेतवा नदी में अपस्ट्रीम से पानी की निरन्तर वृद्धि होने के कारण राजघाट बांध एवं माताटीला बांध से गेटों के माध्यम से पानी की निकासी की जा रही है। ऐसी स्थिति में बांधो पर लोगों की भीड़ इकट्ठी होती है। उक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु बांधों / जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल/कर्मचारियों की तैनाती करते हुये उन्हें निरन्तर “अलर्ट मोड” पर रखा जाय। आवश्यकतानुसार आमजन / वाहनों को खतरनाक स्थलों पर जाने से रोका जाए तथा बेरिकेडिंग आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुये आगन्तुकों/भीड़ को नियंत्रित रखा जाय, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।
इसके अलावा जाखलौन पंप कैनाल से गोविंद सागर बांध में किए जा रहे जल भराव को भी पर्याप्त जल की उपलब्धता के कारण रोक दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments