
जनपद में पेयजल व विद्युत आपूर्ति की समस्याओं को गंभीरता से लें अधिकारी, प्राथमिकता पर करायें निस्तारण: प्रभारी मंत्री

जननी सुरक्षा योजना की खराब प्रगति पर योजना प्रभारी सहित डीएएम का रोका वेतन

ट्रेक्टर आदि वाहनों पर अपनी उपज ले जा रहे किसानों को परेशान न करने के परिवहन विभाग को दिये निर्देश

558 स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फण्ड के लिए प्रदान किया 1 करोड़ 67 लाख का चेक

सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2 लाभार्थियों को दी ट्रेक्टर की चाभियां
ललितपुर। मा0 राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उ0प्र0/जनपद प्रभारी मंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी ने शनिवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरुप कार्य करने के सख्त निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 558 समूहों को 1 करोड़ 67 लाख 40 का रिवॉल्विंग फण्ड का चेक व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान अंतर्गत दो लाभार्थियों को ट्रेक्टरों की चाभी का वितरण भी किया ।
इस दौरान मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उ0प्र0 श्री मनोहर लाल पंथ, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कैलाश नारायण निरंजन, मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा श्री हरीशचन्द्र रावत, मा0 एमएलसी प्रतिनिधि श्री केदारनाथ तिवारी, जिला महामंत्री श्री गौरव गौतम व अन्य जनप्रतिनिगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार बाजपेयी ने सभी अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी शासन की मंशानुसार कार्य करें, जनता को अधिक से अधिक संतुष्ट करने की कोशिश करें, अपने विभागीय लक्ष्यों को नियत समय में पूर्ण करें और प्रदेश स्तर पर जिले की रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनपद में बिजली और पानी को लेकर काफी शिकायतें आती रहती हैं, इसलिए सम्बंधित विभागों के अधिकारी पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ इन समस्याओं का निराकरण करायें और माननीय जनप्रतिनिधिगणों द्वारा बतायी गई जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करायें।
इसके उपरान्त उन्होंने विभागवार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए अगले माह तक प्रगति सुधारकर अवगत कराने के निर्देश दिये। जननी सुरक्षा योजना के तहत भुगतान की स्थिति संतोषजनक न होने पर योजना प्रभारी सहित डीएएम का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने ग्राम मोगान में विगत 15 दिनों से खराब ट्रांसफामर्र को बदले न जाने की शिकायत की, जिस पर प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता विद्युत को कड़े निर्देश दिये कि जनपद में बिजली की समस्या का हर हाल में निर्धारित समय के भीतर निस्तारण कराया जाए, इसमें देर होने पर आपकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं उन्होंने वैकल्पिक ऊर्जा की समीक्षा करते हुए जनपद के सभी सरकारी भवनों पर सोलर प्लांट लगवाने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि यदि सरकारी भवनों पर सोलर लगेगा तो जनता में भी इसके प्रति रुचि बढ़ेगी।
उन्होंने हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को धरातल स्तर पर हर कनेक्शन तक पानी पहुंचने का सर्वे कराकर रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोड रेस्टोरेशन की प्रगति काफी खराब है, आये दिन सैकड़ों शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण अधिकारियों को निर्देश दिये कि रेस्टोरेशन के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए और लापरवाही बरतने वाली एजेन्सियों पर अर्थदण्ड लगाया जाए, ताकि ये अपनी जिम्मेदारी समझें। इसके साथ ही हैण्डऑवर पेयजल परियोजनाओं का क्रॉस वैरिफिकेशन भी कराया जाए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने बताया कि विगत दिनों चिकित्सकों व स्टाफ द्वारा अनियमित तरीके से उपस्थिति भरे जाने की शिकायतें मिली थीं, इस पर उन्होंने प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू कराया जाए और सीसीटीवी से इसकी निगरानी की जाए। साथ ही चिकित्सकों की रोस्टरवाइज ड्यूटी लगायी जाए।
ग्राम विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने वीबी जीरामजी योजना की प्रगति जानी, जिसमें बताया गया कि जिले में वीबीजीरामजी का बजट शासन से मिल चुका है, जिससे ग्राम पंचायतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, मियावाकी वृक्षारोपण व मानव दिवसों का सृजन प्रगति पर है। इसके साथ जल्द ही 101 खेल मैदान भी बनाये जायेंगे।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गए कि लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन, शिक्षा की गुणवत्ता व विद्यालय की अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जाए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में निर्देश दिये गए कि गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं को सरकारी की सभी पोषण योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि ट्रेक्टर आदि पर अपनी उपल ले जा रहे किसानों को परिवहन विभाग द्वारा परेशान न किया जाए।
औद्योगिक इकाईयों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में सभी योजनाएं ए प्लस ग्रेड में हैं। जिला 6 हजार करोड़ के निवेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। साथ ही जिले में टुस्कों कम्पनी के द्वारा 4 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट भी लगाया जा रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिले में औद्योगिक वातावरण बनाने के साथ उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि ग्रामों में ऐसे सभी सरकारी भवन, विद्यालय, चिकित्सालय, आंगनबाड़ी केन्द्र व अन्य भवन जहां पहुंच मार्ग नहीं हैं, उनकी सूची उपलब्ध करायें, ऐसे सभी मागों को पायलेट प्रोजेक्ट के तहत बनवाया जाएगा।
बैठक के अंत में मा0 प्रभारी मंत्री सहित अन्य जन्रपतिनिधिगणों द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 558 समूहों को 1 करोड़ 67 लाख 40 का रिवॉल्विंग फण्ड का चेक प्रदान किया गया, साथ ही सभागार से बाहर आकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान अंतर्गत दो लाभार्थियों ओमकार सिंह यादव व सुरेश को ट्रेक्टरों की चाभी का वितरण भी किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्रा, सीएमओ, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज, डीडीओ, डीसी मनरेगा, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण एवं अन्य कार्यदायी विभागों के अधिशासी अभियंता, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, सूचना व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




