Wednesday, September 9, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को दीं चार बड़ी...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को दीं चार बड़ी सौगातें

मानदेय में बढ़ोतरी, तीन साड़ी, ₹5 लाख का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा तथा स्मार्टफोन देने की घोषणा

ललितपुर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देखा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

ललितपुर। राम की नगरी अयोध्या में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह एवं नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद ललितपुर के कल्याण सिंह सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने देखा। इसी क्रम में जनपद की अन्य सभी तहसीलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह आयोजित किए गए।


अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए चार बड़ी घोषणाएं करते हुए उनके मानदेय एवं सुविधाओं में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की घोषणा की।
मुख्यमंत्री जी ने घोषणा की कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय पूर्व में ₹3,000 से बढ़ाकर ₹8,000 किया गया था, जिसे अब ₹8,000 से बढ़ाकर ₹12,000 प्रतिमाह किया गया है। इसी प्रकार सहायिकाओं का मानदेय पूर्व में ₹1,500 से बढ़ाकर ₹4,000 किया गया था, जिसे अब ₹4,000 से बढ़ाकर ₹6,000 प्रतिमाह करने की घोषणा की गई।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिलने वाली साड़ियों की संख्या में भी वृद्धि करते हुए पहले से मिल रही दो साड़ियों के साथ एक और साड़ी जोड़कर अब तीन साड़ी प्रतिवर्ष देने की घोषणा की तथा इसके लिए धनराशि भी जारी की।


मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवर का लाभ देने की भी घोषणा की। साथ ही प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
कल्याण सिंह सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुपोषित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को पोषण पोटली एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, भाजपा जिला अध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन ने माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि एवं अन्य सुविधाओं से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं में कार्य करने का उत्साह और अधिक प्रबल होगा, जिसका सीधा लाभ उन नन्हे-मुन्ने बच्चों को मिलेगा जो देश के भविष्य हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पूरे मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती रहें। सरकार द्वारा भविष्य में भी उनके हित में इसी प्रकार के निर्णय लिए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय की बधाई देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी ने आपकी तुलना यशोदा मैया से की है, जो आपके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब आप यशोदा मैया के रूप में नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा का पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ ख्याल रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि अब कोई भी बच्चा कुपोषित न रहने पाए, इस लक्ष्य को लेकर सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं पूरे मनोयोग से कार्य करें। जिला प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महामंत्री गौरव गौतम, क्षेत्रीय सांसद प्रतिनिधि धर्मेंद्र गोस्वामी, एमएलसी प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments