ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के कार्यालय आदेश संख्या-3527 ई/ 2026-134 ई/2026, दिनांक 02 सितम्बर, 2026 द्वारा सम्भागीय / उप सम्भागीय परिवहन कार्यालयों को दलाल रहित एवं पारदर्शी बनाए जाने के उद्देश्य से प्रदेश के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किए जाने के दिए गये निर्देर्शों के क्रम में आज दिनांक 08.09.2027 को सम्भागीय परिवहन अधिकारी, प्रशासन, कानपुर श्री राकेन्द्र कुमार सिंह द्वारा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में निर्धारित चार प्रमुख बिंदुओं के संबंध में निम्नवत् स्थिति पाई गई :-
1. कार्यालय में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, कार्यशीलता स्थिति-
वर्तमान में कार्यालय में एक DVR से 8 कैमरे लगे हुए हैं जिसमें सभी कैमरे क्रियाशील हैं जिसकी संग्रहण क्षमता 1 TB है। डी०बी०ए० द्वारा अवगत कराया गया कि कैमरो की रिकार्डिंग की संग्रहण क्षमता 25 दिन है।
कार्यालय भवन के मुख्यद्वार के पोर्च पर लगे कैमरे का निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से प्रवेशद्वार के चैनल गेट के ऊपर दोनो तरफ एक-एक कैमरा लगा पाया गया तथा एक कैमरा पोर्च के सेंटर पर लगा हुआ है। इसी प्रकार एक कैमरा हॉल में, एक कैमरा लाईसेंस से संबंधित बायोमैट्रिक कक्ष में, एक कैमरा काउन्टर 4 व 5 के बगल में तथा दो कैमरा पीछे वाटर कूलर के पास लगे है, जिनसे क्रमशः काउन्टर 06 एवं कार्यालय भवन के पीछे तरफ की निगरानी हो रही है। इस प्रकार पूरे कार्यालय परिसर में कुल 08 कैमरे लगे हैं। स्क्रीन पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज देखकर क्रियाशील कैमरों की स्थिति का सत्यापन किया गया, जिसमें डी०बी०ए० से दिनांक 14.08.2026, 20.08.2026, 25. 08.2026 व दिनांक 01.09.2026 की वीडियो रिकार्डिंग स्क्रीन पर दिखाए जाने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त सभी तिथियों की वीडियो रिकार्डिंग डीबीए द्वारा अवलोकित करायी गयी। इस प्रकार यह परिलक्षित हो रहा है कि कार्यालय में वीडियो रिकार्डिंग की संग्रहण क्षमता वर्तमान में सक्रिय अवस्था में है। कार्यालय परिसर में बने ड्राईविंग टेस्टिंग ट्रैक का भी भौतिक रूप से निरीक्षण करने पर पाया गया कि वर्तमान में ट्रैक कहीं-कहीं पर टूटा हुआ है। इस संबंध में ए०आर०टी०ओ० प्रशासन को मरम्मत हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यालय भवन / प्रांगण की स्थिति को देखते हुए सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को निर्देशित किया गया कि लाइसेन्स अनुभाग के बायोमैट्रिक कक्ष के बाहर एक कैमरा, दो कैमरे कार्यालय भवन पर इस प्रकार लगाये जाऐं, जिससे कि ड्राईविंग टेस्टिंग ट्रैक पूर्ण रूप से कवर हो जाए, ताकि ट्रैक पर वाहनों का टेस्ट देने वाले अभ्यर्थियों की पूर्ण गतिविधियां वीडियो रिकार्डिंग के रूप से सुरक्षित रहें।
2. अनधिकृत / संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की स्थिति-कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय के बाहर कोई भी
अनधिकृत / संदिग्ध व्यक्ति नहीं पाया गया और न ही कोई अतिक्रमण व अस्थाई गुमटी अथवा खोखा पाया गया। बाहर मार्ग पर कार्यालय से कुछ दूरी पर कुछ जन सुविधा केन्द्र का बोर्ड लगी हुई पक्की दुकानें पायी गयीं, निरीक्षण के समय कुछ दुकाने बन्द भी पायी गयीं, तथापि यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि अधोहस्ताक्षरी की कार्यालय में उपस्थिति की संपूर्ण अवधि में कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास ऐसे व्यक्तियों का कोई जमावडां या गतिविधि दृष्टिगत नहीं हुई, जिन्हें प्रथम दृष्टया बिचौलिए, दलाल अथवा अनधिकृत मध्यस्थ की भूमिका में कार्यरत माना जा सके।
कार्यालय के बाहर एवं परिसर में उपस्थित व्यक्तियों से सामान्य पूछताछ में भी बताया गया कि कार्यालय में प्रायः अत्यधिक भीड़ की स्थिति नहीं रहती है। अधोहस्ताक्षरी के निरीक्षण के समय भी कार्यालय में जनसामान्य की कोई भी भीड अथवा अव्यवस्था की स्थिति नहीं पायी गयी। ए०आर०टी०ओ० प्रशासन द्वारा इसका मुख्य कारण वर्तमान में परिवहन विभाग की ज्यादातर सेवाएँ ऑनलाईन हो जाना बताया गया। यदि सामान्य कार्यदिवसों में भी कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास यही स्थिति बनी रहती है, तो इसे कार्यालय को दलाल-मुक्त एवं व्यवस्थित बनाए रखने की दृष्टि से उल्लेखनीय माना जाएगा।
3. जनसामान्य से पूछताछ, अनधिकृत मध्यस्थता की गतिविधियाँ-
निरीक्षण के दौरान कार्यालय प्रांगण में उपस्थित जनसामान्य / आवेदकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर विशेष रूप से पूछा गया कि उनका कार्य किसी मध्यस्थ, बिचौलिए अथवा अन्य अनधिकृत व्यक्ति के माध्यम से तो नहीं कराया जा रहा है। किसी पटल पर उनसे निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक धनराशि की मांग तो नहीं की गई है, अथवा उनके कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखने, कार्य न करने अथवा निस्तारण के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांग जैसी कोई बात तो नहीं कही गई है।
इस क्रम में निम्न व्यक्तियों से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ की गई। श्री जाकिर अली पुत्र श्री जैनुअल आब्दीन निवासी नदीपुरा, ललितपुर द्वारा अवगत कराया गया कि वह अपनी वाहन संख्या-UP94AT 2528 (BUS) का टैक्स जमा करने कार्यालय आये हैं। इनकी उक्त वाहन झॉसी सागर मार्ग पर चलती है। आर०सी० लेने हेतु कार्यालय आये हैं। श्री आनन्द कुमार तिवारी पुत्र श्री शरद चन्द्र तिवारी, निवासी निवारी, महरौनी, ललितपुर द्वारा बताया गया कि वह आवेदन सं0-MP26080995836749 के माध्यम से अपनी वाहन मोटरसाईकिल का अस्थाई पंजीयन छतरपुर म०प्र० ए०आर०टी०ओ० कार्यालय से लेकर स्थाई पंजीयन हेतु जनपद ललितपुर कार्यालय परिवहन कार्यालय आये हैं। श्री अरविन्द्र कुमार पुत्र श्री पन्ना लाल निवासी ग्राम सिमिरिया, पोस्ट-धवा, ललितपुर द्वारा अवगत कराया गया कि आवेदन सं0-4079990426 के माध्यम से अपना स्थाई लाईसेंस बनवाने हेतु परिवहन कार्यालय आये हैं। उनके आधार कार्ड से सत्यापन करने करने पर सही पाया गया। इसी प्रकार श्री निरूद्दीन खान पुत्र श्री अब्दुल रहमान, निवासी डैम कॉलानी, ललितपुर ने बताया कि उनका मैनुअल लाईसेंस बना है, जिसे स्मार्ट कार्ड में बनवाने हेतु कार्यालय आये हैं।
उक्त सभी व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि उन्हें कार्यालय से अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो रहा है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अपने कार्य के लिए किसी मध्यस्थ, बिचौलिए अथवा दलाल की सहायता लिए जाने की बात नहीं कही गई। किसी पटल पर निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक धनराशि की मांग किए जाने अथवा अतिरिक्त धनराशि न देने के कारण कार्य न किए जाने/अनावश्यक रूप से लंबित रखे जाने की भी कोई शिकायत नहीं की गई।
4. सरकारी एवं आउटसोर्सिंग कार्मिकों की उपस्थिति, पहचान-पत्र एवं कार्य निष्पादन की स्थिति-उपस्थिति पंजिका के अवलोकन किया गया जिसमें उपस्थित कार्मिक श्री बीरेन्द्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ सहायक, श्री मो० असलम खान, वरिष्ठ सहायक एवं श्री कश्यप त्रिपाठी, कनिष्ठ सहायक से उनके सिस्टम पर स्वयं लॉगिन कराकर कार्य का सत्यापन किया गया। तीनों कार्मिक अपने सिस्टम पर लॉगिन करने में सक्षम पाए गए। सभी कार्मिकों ने मुख्यालय द्वारा निर्धारित प्रारूप पर अपना आई कार्ड धारण किया हुआ था।
ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाओं हेतु फोकॉम नेट द्वारा कुल 03 कार्मिक तैनात किए गए हैं।
माह अगस्त 2026 में कुल 648 स्थाई / व्यावसायिक लाईसेंस कार्यालय द्वारा निर्गत किये गये हैं। ए०आर०टी०ओ० प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया है कि कार्यालय में प्रतिदिन औसतन लगभग 20 से 25 ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाएं प्रदान की जाती हैं और इसके दृष्टिगत सामान्यतः कार्यालय में आने वाले व्यक्तियों की संख्या कम बतायी गयी। जनसुविधाओं के परीक्षण में कार्यालय परिसार / प्रांगण में आमजन के लिए पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर के साथ-साथ हैंडपंप भी लगा हुआ है तथा शौचालय भी बना हुआ है। कार्यालय परिसर के निरीक्षण में पाया गया कि कुछ ऑटो रिक्सा यथा UP94T4355, UP94T3697, UP94T3287, UP94T9223 काफी लम्बे समय से कार्यालय में जीर्णशीर्ण अवस्था में खड़ी पायी गयी। इन सभी वाहनों की नियमानुसार नीलामी किये जाने हेतु ए०आर०टी०ओ० को निर्देशित किया गया, ताकि कार्यालय परिसर में स्थानाभाव न रहे।
उपरोक्त के अतिरिक्त यह भी उल्लेखनीय है कि सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), श्री विपिन कुमार चौधरी द्वारा अवंगत कराया गया कि वर्तमान में कार्यालय में स्वीकृत पदों के सापेक्ष 01 प्रधान सहायक, 01 सहायक लेखाकार एवं 03 कनिष्ठ सहायक का पद रिक्त है। अतः
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) द्वारा उक्त रिक्त पदों पर तैनाती किये जाने का अनुरोध किया गया है।
परिवहन आयुक्त द्वारा निर्धारित चारों प्रमुख बिंदुओं के आधार पर किए गए आकस्मिक निरीक्षण में उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, ललितपुर की समग्र कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण की कोई पूर्व सूचना न होने के बावजूद उपस्थित लिपिक अपने-अपने पटल का कार्य स्वयं करते पाए गए। चार आवेदकों से व्यक्तिगत पूछताछ सहित अन्य उपस्थित व्यक्तियों से संवाद में किसी मध्यस्थ / बिचौलिए के माध्यम से कार्य कराने, निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि की मांग किए जाने अथवा धनराशि न देने के कारण कार्य को लंबित रखने की कोई शिकायत प्रकाश में नहीं आई। निरीक्षण की संपूर्ण अवधि में कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास दलाल / बिचौलिया प्रवृत्ति के व्यक्तियों का कोई जमावड़ा भी नहीं पाया गया। यदि सामान्य कार्यदिवसों में भी यही स्थिति निरंतर बनी रहती है तो कार्यालय की दलाल-मुक्त, अनुशासित एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली उल्लेखनीय मानी जाएगी।



