ललितपुर। स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के तत्वावधान में 11 से 13 सितंबर तक चैंपियन एक्वेटिक्स अकादमी, एचएल सिटी, सेक्टर-37, बहादुरगढ़ (हरियाणा) में 22वीं नेशनल मास्टर्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद के नदीपुरा निवासी तथा ग्राम पंचायत निवाहो, विकासखंड जखौरा में सफाईकर्मी के पद पर तैनात अरविंद कुमार अपने आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अरविंद कुमार 35+ आयु वर्ग में चार स्पर्धाओं में प्रतिभाग करेंगे। वह 400 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और 100 मीटर बटरफ्लाई स्ट्रोक में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। अरविंद कुमार इससे पूर्व भी राष्ट्रीय एवं विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। नेशनल मास्टर्स चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह लगातार अभ्यास कर रहे हैं। उनके नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने पर विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों, ग्राम पंचायत निवाहो के ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।



