अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश

आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की जनसामान्य, धर्मगुरुओं व प्रबुद्धजनों से की अपील

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार ललितपुर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी त्योहारों जैसे गणेश उत्सव, जल विहार, विश्वकर्मा जयंती, अनंत चतुर्दशी, जैन पर्यूषण पर्व और ग्यारहवीं शरीफ आदि के सफल व शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी प्रशासनिक, पुलिस और विभागीय अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर व्यवस्थाओं व कानून व्यवस्था के सम्बंध में कड़े निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को सभी संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहारों के दौरान अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। विद्युत वितरण खंड और जल संस्थान के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि त्योहारों के दौरान बिजली कटौती न हो और पेयजल की सुचारू आपूर्ति बनी रहे। सफाई और सुगम यातायात के लिए नगर पालिका परिषद और पंचायत राज विभाग को पूरे जनपद में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा यातायात प्रभारी को रूट डायवर्जन व पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो।
उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत, नगर पालिका सहित अन्य सम्बंधित अधिकारियों को जल विहार वाले प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण करें और एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करायें। इसके साथ ही आजादचौक से तालाबपुरा जाने वाले मार्ग सहित सभी जुलूस मार्गों के गड्ढों को भरवायें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित नागरिकों, धर्मगुरुओं और समाज के पदाधिकारियों को आगामी त्यौहारों की शुभाकामनायें देते हुए अपील की है कि वे ललितपुर की आपसी सौहार्द की परम्परा को बनाए रखें। सभी नागरिक आगामी त्योहारों को पूर्ण आपसी सौहार्द, शांति, संयम और भाईचारे के साथ मिलकर मनाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेन्द्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, डीपीआरओ, ईओ, डीआईओ, विद्युत, जल निगम, जल संस्थान सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण व धर्मगुरु, प्रबुद्धजन आदि उपस्थित रहे।



