ललितपुर। शहर में बुधवार की रात से हुई मूसलाधार बारिश के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद द्वारा अभियान चलाकर नालियों एवं नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मोहल्ला तालाबपुरा स्थित डोडाघाट गेट के पास जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को नालियों एवं नालों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर पालिका द्वारा जेसीबी के माध्यम से कुछ अतिक्रमण हटाए गए। वहीं, मोहल्लेवासियों के लिखित प्रार्थना पत्र एवं अनुरोध पर उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर देते हुए शुक्रवार सुबह तक का समय दिया गया।
इस दौरान नगर पालिका द्वारा लगभग 25 अतिक्रमणकारियों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान भी काटे गए। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर जल निकासी की स्थिति का भी जायजा लिया और जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
बताते चलें कि लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर नगर पालिका एवं जिला प्रशासन की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटी हुई हैं। कई स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से नालियों एवं जल निकासी के मार्गों को साफ कराया गया।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान में बारिश का समय चल रहा है। शहर के कई स्थानों पर भवन स्वामियों द्वारा नगर पालिका की नालियों एवं नालों पर चबूतरे तथा भवन बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिसके कारण नालियों एवं नालों की सफाई में पालिका कर्मियों को परेशानी होती है और जल निकासी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि पालिका द्वारा लाउडस्पीकर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अतिक्रमणकारियों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा नियमानुसार चालान भी काटे जाएंगे।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान तहसीलदार सदर श्री भानुप्रताप सिंह, कर अधीक्षक राजेश कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेन्द्र स्वरूप तिवारी, राजस्व निरीक्षक आशुतोष, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैराज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद, ललितपुर



