
गुरु गौरव सम्मान समारोह में 100 से अधिक विद्यालयों के 300 से अधिक शिक्षक सम्मानित

ललितपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, ललितपुर के तत्वावधान में स्थानीय आर.ई. मिशन स्कूल, चर्च के पास “गुरु गौरव सम्मान समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने की, जबकि मुख्य अतिथि श्रम एवं सेवा योजना राज्य मंत्री मनोहर लाल पंत रहे। समारोह में जनपद के 100 से अधिक विद्यालयों के 300 से अधिक प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को गुरु गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्य मंत्री मनोहर लाल पंत ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं। उनके ज्ञान, समर्पण एवं संस्कारों को नमन करते हुए जनपद ललितपुर के उत्कृष्ट प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को गुरु गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाले सभी शिक्षक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक हमारे राष्ट्र का निर्माता है और बच्चे हमारा भविष्य हैं। बच्चों का निर्माण करने वाला शिक्षक ही वास्तव में हमारे देश का निर्माता है। शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे निजी विद्यालय एवं संस्थाएं बधाई की पात्र हैं। शिक्षा के क्षेत्र में निजी विद्यालयों का योगदान अभिस्मरणीय एवं सराहनीय है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने गुरु गौरव सम्मान से सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने कहा कि प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, ललितपुर द्वारा जिले में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है। आज शिक्षकों का सम्मान करके एसोसिएशन ने अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों का आज सम्मान किया जा रहा है, वे तो बधाई के पात्र हैं ही, साथ ही वे शिक्षक भी बधाई के पात्र हैं जिनका किसी कारणवश आज सम्मान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्राइवेट स्कूलों और उनके शिक्षकों का योगदान अत्यंत सराहनीय है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि आज गुरु गौरव सम्मान के अंतर्गत जनपद के 100 से अधिक विद्यालयों तथा 300 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस का यह अवसर शिक्षकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक किसी भी क्षेत्र में हो, वह अपना पूरा तन, मन और धन लगाकर अपने दायित्व का निर्वहन करता है। इसलिए शिक्षकों का सम्मान हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन शिक्षा एवं शिक्षक हितों के लिए लगातार कार्य कर रहा है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करते हुए विद्यालयों एवं शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
पदाधिकारियों एवं सदस्यों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम मे नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन वरिष्ठ समाज सेवी डॉ राज कुमार जैन, ला सन्मति सर्राफ, प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के संरक्षक संजय श्रीवास्तव, किशोर मैथ्यू, राजेंद्र सिंह यादव, विजय सिंह यादव, डी.एस. विवेक, अजय बरया, दीपक चौबे, कनिष्ठ उपाध्यक्ष वसीम खजूरिया, आकाश मसीह, कपिल मसीह, प्रमोद एच लाल, विकास पुरोहित, अरुण देवलिया, पुनीत देवलिया, उत्कर्ष श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, अवतार सिंह, अमर सिंह विश्वकर्मा, राम सेवक दिवाकर, बीरेंद्र सिंह, संजीव शर्मा, महेंद्र सिंह, राम स्वरूप आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह का संचालन एसोसिएशन के महामंत्री ध्रुव साहू ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में जनपद के विभिन्न निजी विद्यालयों से आए प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति समाज की कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त की गई। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान समाज की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल होना चाहिए।



