Wednesday, September 9, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशललितपुर में युवाओं के सपनो और प्रशासन के संकल्प के बीच सशक्त...

ललितपुर में युवाओं के सपनो और प्रशासन के संकल्प के बीच सशक्त सेतु बनाने के लिए ‘‘सीधा युवा संवाद कार्यक्रम’’ का जीजीआईसी में हुआ आयोजन

छात्राओं के कैरियर, अनुशासन, साइबर अपराध और उद्यमिता से जुड़े सवालों का डीएम ने सारगर्वित उत्तर देकर किया मार्गदर्शन


अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को पहलचानते हुए जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें युवा: डीएम


युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में सोचें: डीएम


असफलता को सीख के रूप में स्वीकार कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए डीएम ने छात्राओं को किया प्रेरित

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने आज मंगलवार को राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज के सभागार में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्राओं ने कैरियर, शिक्षा, आत्मविश्वास, साइबर अपराध, जीवन के लक्ष्य तथा रोजगार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल जिलाधिकारी के समक्ष रखें, जिनकों जिलाधिकारी ने सहजता और सारगर्वित उत्तर देते हुए छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब प्रशासन और युवा एक मंच पर आकर संवाद करते हैं तो यह केवल प्रश्न और उत्तर का कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि युवाओं के सपनो और प्रशासन के संकल्प के बीच एक सशक्त सेतु बनता है, ऐसे संवादों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की एक मजबूत इबारत लिखी जाती है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने की प्रवत्ति और स्पष्ट लक्ष्य को आवश्यक बताते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करते समय अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को पहचानना बेहद जरूरी है। केवल दूसरों को देखकर कैरियर का चुनाव न करें, बल्कि अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुरूप अपने क्षेत्र का चयन करें।
कार्यक्रम में इण्टरमीडिएट विज्ञान व कला वर्ग की छात्राएं मेघा, दीपिका, नन्दनी, अनुष्का, पलक राजपूत, मेघा परिहार, अंशिका, नन्दनी ने कैरियर, शिक्षा, आत्मविश्वास, साइबर अपराध, जीवन के लक्ष्य तथा रोजगार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल जिलाधिकारी के समक्ष रखे, जिनकों जिलाधिकारी ने सहजता और विस्तार से उत्तर देते हुए छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
जिलाधिकारी ने एक छात्रा के प्रश्न के उत्तर में आज के दौर में बड़ते साइबर अपराधों का उल्लेख करते हुए छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से जागरुक किया। उन्होंने कहा कि तकनीकि हमारे जीवन को सरल बनाने का माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग करते समय सावधानी भी उतनी ही आवश्यक है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड एवं अपनी व्यक्तिगत जानकारी व फोटो किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने एक और छात्रा के प्रश्न के जबाव में कहा कि आत्मविश्वास किसी पद या परिस्थिति से नहीं बल्कि अपनी क्षमताओं पर विश्वास और निरंतर प्रयास से पैदा होता है। छात्राओं को असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सीख के रूप में स्वीकार करने और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को बदलते रोजगार परिदृश्य की जानकारी देते हुए कहा कि आज के युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में सोंचे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए अनेक अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। छात्राओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित स्टाट्अप एवं स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होेेंने कहा कि एक युवा का सफल उद्यम केवल उसके अपने भविष्य को बेहतर नहीं बनाता, बल्कि वह अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जीआईसी एवं जीजीआईसी में विशेष कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित कराये जायें। इन सत्रों में छात्र-छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, कानून, शिक्षा, बैंकिंग, तकनीकि क्षेत्र, उद्यमिता सहित कैरियर के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध सम्भावनाओं तथा उन्हें प्राप्त करने की तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सामान्य पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए उचित मार्गदर्शन तथा अवसर मिलना चाहिए। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद में युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ें और ललितपुर का नाम प्रदेश एवं देश में रोशन करें।
कार्यक्रम में डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य ने भी छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें अपनी रुचि व क्षमताओं के आधार पर अपना कैरियर चुनने और अनुशासनिक व धैर्यवान रहकर अपने लक्ष्य पर फोकर करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में कार्यक्रम के आयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने छात्राओं से कहा कि बड़े सपने देखिए, अपने लक्ष्य को स्पष्ट कीजिए और उसे हासिल करने के लिए ईमानदारी से निरंतर प्रयास कीजिए। उन्होंने कहा कि अगर अफ्रीका के नेलशन मण्डेला 27 वर्ष जेल में रहकर उसी देश के राष्ट्रपति हो सकते हैं और अर्द्धनग्न फकीर सा एक नागरिक महात्मा गांधी भारत की मुद्रा पर छप सकता है तो कुछ भी हो सकता है। इसलिए परिस्थितियां चाहे जैसी हों, यदि संकल्प मजबूत है तो सफलता का रास्ता अवश्य निकलता है।
कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब से राहुल जैन ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, प्रधानाचार्य जीजीआईसी किरन वर्मा सहित विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments